Trending News

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: लूथरा बंधुओं की जल्द होगी भारत वापसी, थाईलैंड में जारी हैं औपचारिकताएँ

:: Editor - Omprakash Najwani :: 12-Dec-2025
:

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को जल्द ही थाईलैंड से भारत प्रत्यर्पित किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, दोनों को थाई अधिकारियों द्वारा फुकेत से बैंकॉक ले जाया जाएगा, जहां उन्हें थाई आव्रजन हिरासत केंद्र में रखा जाएगा। कुछ कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद दोनों को ‘आपातकालीन प्रमाणपत्र’ जारी किए जाने की उम्मीद है, जिससे पासपोर्ट निलंबित होने के बावजूद उनकी भारत वापसी संभव हो सकेगी।

आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी होने के बाद उनकी यात्रा को अंतिम रूप दिया जाएगा और भारतीय अधिकारियों की निगरानी में उन्हें भारत वापस लाया जाएगा। भारत पहुंचते ही दोनों को हिरासत में लिया जाएगा और 24 घंटों के भीतर गोवा की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस हिरासत की संभावना है। प्रारंभिक योजना के अनुसार, उन्हें बैंकॉक से दिल्ली और फिर गोवा लाया जाएगा। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो वे मंगलवार या बुधवार तक गोवा पहुंच सकते हैं।

लूथरा बंधु आग लगने की रात ही गोवा में अपने स्वामित्व वाले नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ से थाईलैंड भाग गए थे। इंटरपोल द्वारा ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद उन्हें फुकेत में हिरासत में लिया गया। इस मामले में उनके कारोबारी साझेदार अजय गुप्ता सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गुप्ता को दिल्ली से पकड़ा गया और ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया।

उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हुई, जिनमें 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल थे। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आतिशबाजी इस आग का कारण हो सकती है। इस हादसे में छह लोग घायल भी हुए। अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश मौतें दम घुटने से हुईं, क्योंकि कई लोग भूतल पर फंस गए थे। क्लब के छोटे निकास द्वार और वहां तक जाने वाले संकरे पुल के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं।


( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   |
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News