ग्रामीण क्षेत्र की वंचित प्रतिभाओं के लिए सशक्त मंच है सांसद खेल महोत्सव: सुभाष चौधरी
किशनगढ़, 18 दिसम्बर। अजमेर संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है। किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अरांई ब्लॉक में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरांई में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भाजपा नेता सुभाष चौधरी शामिल हुए और खिलाड़ियों, खेल संयोजकों व खेलप्रेमी आमजन का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया विजन से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करना है।
संसद के शीतकालीन सत्र के कारण केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनके मार्गदर्शन और निर्देशानुसार सांसद खेल महोत्सव को पूरे संसदीय क्षेत्र में सुनियोजित रूप से प्रारंभ किया गया है। उनके प्रतिनिधि के रूप में उनके पुत्र एवं भाजपा नेता सुभाष चौधरी ने अरांई ब्लॉक में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुभाष चौधरी ने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है तथा समाज में भाईचारा मजबूत होता है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास को भी सुदृढ़ बनाते हैं। स्वस्थ नागरिकों के बल पर ही देश और प्रदेश प्रगति की ओर बढ़ते हैं। बेहतर फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के लिए खेलों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है और सांसद खेल महोत्सव इस दिशा में बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का स्पष्ट विजन है कि ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलें, ताकि वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। सांसद खेल महोत्सव इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, संगठन कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी आमजन उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत आगामी दिनों में अजमेर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात चयनित खिलाड़ियों की सहभागिता से जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह महोत्सव स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
Latest News
Thu-08-Jan - 78वें सेना दिवस परेड के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक, अजमेर से होगी व्यापक जनभागीदारी
Mon-15-Dec - टेलीग्राम पर बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो साझा करने का आरोप, मेरठ के युवक पर मामला दर्ज