सावित्रीबाई फुले जयंती पर 3 जनवरी को सर्व समाज की मैराथन दौड़, महिला-पुरुष वर्ग में मिलेंगी ट्रॉफियां
मदनगंज-किशनगढ़। भारत की प्रथम महिला शिक्षिका व समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर 3 जनवरी 2026 को सार्वजनिक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माली समाज किशनगढ़ की ओर से किया जा रहा है, जो सर्व समाज एवं सभी वर्गों के लिए खुला रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैराथन दौड़ महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित की जाएगी। दोनों ही वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पृथक-पृथक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। मंगलवार को रामनेर रोड स्थित साक्षी मालाकार कंस्ट्रक्शन कम्पनी में आयोजित बैठक में आयोजन को लेकर निर्णय लिया गया।
मैराथन दौड़ का शुभारंभ 3 जनवरी 2026 को प्रातः 7 बजे पुरानी मिल चौराहे से होगा, जिसे नगर के गणमान्य लोगों, अधिकारियों तथा समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। दौड़ का समापन पुराना बस स्टैंड के पास स्थित डाक बंगला पर होगा।
डाक बंगला में मैराथन के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर एक सेल्फी पॉइंट का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें सावित्रीबाई फुले सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम गौरवान्वित करने वाली महिलाओं के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
बैठक में उगमाराम भाटी, श्रीफूलमालियान शिक्षण संस्था के अध्यक्ष कैलाश भाटी, महात्मा ज्योतिबा फूले शिक्षण एवं विकास संस्था के अध्यक्ष नन्दलाल सैनी, सैनी विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश सैनी, माली समाज संस्था सावंतसर के अध्यक्ष सुखदेव कुंवाल, सुनील इंदौरा, मोहनलाल भाटी, एडवोकेट सुखराम जादम, सुमित सैनी, बिरदी चन्द मालाकार, इंद्रजीत उबाणा, कानाराम भाटी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Latest News
Thu-08-Jan - 78वें सेना दिवस परेड के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक, अजमेर से होगी व्यापक जनभागीदारी
Mon-15-Dec - टेलीग्राम पर बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो साझा करने का आरोप, मेरठ के युवक पर मामला दर्ज